श्रीगंगानगर , जुलाई 29 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में बीते 24 घंटे के दौरान पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो किलो 647 ग्राम अफीम, 410 ग्राम डाेडा पोस्त और 64.72 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद करके 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने बुधवार को बताया कि राजियासर थाना क्षेत्र में अमृतसर-जामनगर राजमार्ग पर एटा गांव के नजदीक दिनेश (32) और विकास (22) को कार में अवैध रूप से दो किलो 647 ग्राम अफीम ले जाते हुए गिरफ्तार किया। उन्हाेंने बताया कि सूरतगढ़ सिटी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार देर रात रेलवे ओवरब्रिज के पास अवतारसिंह (73) से 41.40 ग्राम हेरोइन बरामद की। इसी दौरान देर रात चक 24 पीबीएन के पास रविंद्र सिंह उर्फ बॉबी (26) को गिरफ्तार करके उससे तीन ग्राम हेरोइन बरामद की गयी।

सूरतगढ़ सदर थाना क्षेत्र में झालार गांव के नजदीक एक लिंक रोड पर रामेश्वरलाल (37) से 3.62 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। घमूडवाली थाना क्षेत्र में गंगनहर की छह मासी नहर के एलएनपी नहर पुल के पास सुनील (30) को गिरफ्तार करके उसे 5.10 ग्राम बरामद की गयी।

इसके अलावा अनूपगढ़ थाना क्षेत्र में समून उर्फ शम्मी (34) से 4.05 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। मुकलावा थाना क्षेत्र में डाबला कोठी के पास एक बस के चालक और परिचालक को अवैध पोस्त ले जाते गिरफ्तार किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित