काबुल , जून 27 -- उत्तर-पूर्वी अफ़ग़ानिस्तान में शनिवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किये गये।
भूकंप के झटके पाकिस्तान से लेकर उत्तरी भारत और ताजिकिस्तान तक महसूस किए गए, जबकि उज़्बेकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान और किर्गिस्तान में भी हल्के झटके महसूस किये गये।
अमरीकी जियोलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) के अनुसार आज शाम को आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.2 मापी गयी। भूकंप का केंद्र अफ़ग़ानिस्तान के उत्तर-पूर्वी बदख्शां क्षेत्र में जुर्म के पास लगभग 208 किलोमीटर की गहराई पर था।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने भूकंप को 215 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज किया और बताया कि यह भारतीय समयानुसार आज शाम 7:04 बजे आया।
उन्होंने बताया कि भूकंप के झटके अफ़ग़ानिस्तान के कई प्रांतों में महसूस किये गये, जिनमें बदख्शां, बल्ख, नंगरहार और खोस्त शामिल हैं। काबुल में लोगों ने बताया कि इमारतें हिल रही थीं और कुछ ढांचों में साफ़ दरारें दिखाई दीं।
उन्होंने बताया कि भारत के कुछ हिस्सों तथा दिल्ली-एनसीआर और जम्मू-कश्मीर में भी तेज़ झटके महसूस किए गए, जिससे कई लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
अफ़ग़ानिस्तान, भारत और पाकिस्तान के अधिकारियों ने भूकंप के तुरंत बाद किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं दी है। अधिकारियों का कहना है कि नुकसान का आकलन अभी जारी है, खासकर अफ़ग़ानिस्तान के दूर-दराज़ इलाकों में, जहाँ खराब संचार और परिवहन व्यवस्था के कारण आकलन करना मुश्किल हो रहा है।
यूएसजीएस ने भूकंप का केंद्र अफ़ग़ानिस्तान के हिंदू कुश क्षेत्र में जुर्म से लगभग 43 किलोमीटर दक्षिण में बताया है।
उल्लेखनीय है कि अफ़ग़ानिस्तान में भूकंप कोई नई बात नहीं है, खासकर दूर-दराज़ पहाड़ी इलाकों में, जहाँ कई घर कमज़ोर तरीके से बने हैं और उन समुदायों तक पहुँचना मुश्किल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित