गोरखपुर , मार्च 26 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने लोगों से रसोई गैस या पेट्रोल-डीजल को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों से बचने की अपील करते हुये साफ किया कि गैस सिलेंडर के लिए एजेंसियों के बाहर लाइन लगाने की कोई आवश्यकता नहीं है।नियमित बुकिंग पर सिलेंडर पहले की तरह घर तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर अफवाह फैलाकर प्रदेश का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में जनता को संयम बनाए रखना चाहिए और केवल जरूरत होने पर ही पेट्रोल-डीजल लेने जाना चाहिए, ताकि अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था न फैले। उन्होने कहा कि पहले एक गैस सिलेंडर महीने भर चलता था, लेकिन अब लोग कुछ ही दिनों में दोबारा लेने पहुंच रहे हैं, जो अनावश्यक घबराहट को दर्शाता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं और सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह सुचारु है।
योगी ने कहा कि वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां खासतौर पर ईरान, अमेरिका और इज़राइल के बीच तनाव पूरी दुनिया को प्रभावित कर रहे हैं। ऐसे समय में भारत सुरक्षित और स्थिर स्थिति में है, जिसका श्रेय उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को दिया।
उन्होने कहा कि किसी भी संकट के समय अफवाहों में आकर घबराना उचित नहीं है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे सरकार के साथ सहयोग करें और संयम बनाए रखें। उनके अनुसार, राष्ट्रीय मुद्दों पर एकजुट रहकर ही बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित