नयी दिल्ली/काबुल , अप्रैल 03 -- अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में शुक्रवार रात पौने दस बजे आये जोरदार भूकंप के झटके उत्तर भारत के बड़े हिस्से में महसूस किये गये। रिक्टर पैमाने पर 5.9 की तीव्रता वाले इस भूकंप के झटके दिल्ली-एनसीआर समेत जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में महसूस किए गए। इनमें देश में किसी तरह के जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के जुरम इलाके में 150 से 175 किलोमीटर की गहराई पर था। यह इलाका ताजिकिस्तान का सीमावर्ती क्षेत्र है। अफगानिस्तान मीडिया के अनुसार इस भूकंप के कारण बगरामी जिले के गौसफंद क्षेत्र में एक आवासीय इमारत गिर गयी, जिसके कारण छह लोगों की मौत हो गयी और एक लापता है।

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर और पुंछ जैसे इलाकों में झटके काफी तेज थे। पंजाब के अमृतसर, लुधियाना और चंडीगढ़ में भी धरती कांपने की खबर मिली। कई शहरों में बहुमंजिला इमारतों में रहने वाले लोग घबराहट में नीचे उतर आये। दिल्ली-एनसीआर (नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद) में भी लोगों ने कुछ सेकंड तक कंपन महसूस किया।

विशेषज्ञों का कहना है कि भूकंप की गहराई बहुत अधिक होने के कारण झटके दूर तक महसूस किये गये, लेकिन उनकी विनाशकारी क्षमता सतह तक आते-आते काफी कम हो गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित