कराची , फरवरी 23 -- पाकिस्तान के उप-गृह मंत्री तलाल चौधरी ने कहा है कि अफगानिस्तान पर उनकी वायु सेना के हवाई हमलों में कम से कम 70 लड़ाकों की मौत हुई है।

श्री चौधरी ने जियो न्यूज़ को दिये गये साक्षात्कार में यह दावा किया, हालांकि उन्होंने अपने दावे के लिए कोई साक्ष्य पेश नहीं किये। दूसरी ओर, पाकिस्तानी मीडिया ने दावा किया कि इन हमलों में 80 लोगों की मौत हो चुकी है, हालांकि सेना ने आधिकारिक तौर पर कोई घोषणा नहीं की है।

पाकिस्तान की वायुसेना ने रविवार सुबह अफगानिस्तान की सीमा पर हवाई हमले किए। सेना ने कहा कि उन्होंने उन "शिविरों और ठिकानों" को निशाना बनाया जिनमें हालिया हमले करने वाले हथियारबंद समूह छिपे थे। इनमें पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद की एक शिया मस्जिद में आत्मघाती हमला की योजना बनाने वाले भी शामिल हैं।

पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने एक्स पर लिखा था कि सेना ने आतंकवादी समूह तहरीक तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) और उससे जुड़े समूहों के सात समूहों के खिलाफ "सूचना आधारित, नियोजित अभियान" चलाया।

इस बीच, अफगानिस्तान ने 70 लड़ाकों की मौत के पाकिस्तान के दावे को खारिज किया है। अफगानिस्तान ने इस बात से भी इनकार किया है कि पाकिस्तान में हुए हमलों के साजिशकर्ता उसकी ज़मीन पर छिपे हैं।

अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पाकिस्तान के हवाई हमलों में नंगरहर और पकतीता में कई नागरिक इलाकों को निशाना बनाया गया। कई घरों और एक मदरसे पर हमला हुआ। बयान में इन हमलों को अफगानिस्तान के हवाई क्षेत्र और संप्रभुता का उल्लंघन करार दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित