भोपाल , जून 29 -- मध्यप्रदेश पुलिस ने पन्ना जिले में अपहरण के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस मुख्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार 27 जून की रात पवई थाना क्षेत्र से सूचना मिली थी कि स्थानीय कपड़ा व्यापारी राजेश कुमार डेंगरे के 20 वर्षीय पुत्र अंशुल उर्फ कान्हा का अज्ञात व्यक्तियों ने अपहरण कर लिया है और उसकी रिहाई के लिए 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई तथा साइबर सेल को भी सक्रिय किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और अन्य जानकारियों के आधार पर संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की।
लगातार वर्षा, घने जंगल और दुर्गम मार्ग जैसी परिस्थितियों के बीच पुलिस दल ने पूरी रात सर्च अभियान चलाया। अभियान के दौरान हथकुरी के समीप जंगल क्षेत्र से अपहृत युवक अंशुल उर्फ कान्हा को सकुशल बरामद कर लिया गया। हालांकि कार्रवाई के दौरान आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित