बैतूल , मई 10 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की बोरदेही थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को सकुशल बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बालिका की मां ने बोरदेही थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर थाना बोरदेही में अपराध क्रमांक 76/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी तथा एसडीओपी एस. के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम वट्टी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
तकनीकी सहायता और लगातार तलाश के बाद पुलिस ने नाबालिग को ग्राम दियामऊ में राकेश यादव के घर के पास से बरामद किया। पूछताछ में बालिका ने बताया कि उसके साथ अपहरण, दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी दी गई थी।
इसके आधार पर पुलिस ने बद्री यादव (35) निवासी बोदूर तथा राकेश यादव (27) निवासी दियामऊ, दोनों थाना बोरदेही क्षेत्र के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वैधानिक कार्रवाई के बाद नाबालिग को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया।
कार्रवाई में बोरदेही थाना स्टाफ और साइबर सेल के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित