बारां , अप्रैल 29 -- राजस्थान में बारां के कांच व्यापारी सतीश गौड़ के अपहरण एवं फिरौती कांड के मामले में पुलिस प्रशासन की कार्रवाई के बाद व्यापार महासंघ ने आभार जताते हुए गुरुवार का बारां बंद निरस्त कर दिया है।

व्यापार महासंघ द्वारा 27 अप्रैल को रखा गया सांकेतिक बंद के बाद महासंघ ने आरोपियों की गिरफ्तारी और फिरौती की रकम बरामद करने की मांग की थी। आरोपियों के अतिक्रमणों पर कार्रवाई चाहने के साथ ही चेतावनी दी थी कि गुरुवार तक कार्रवाई पूर्ण नहीं होने पर पूरा बारां बंद किया जाएगा।

व्यापार महासंघ के अध्यक्ष योगेश कुमरा ने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और फिरौती की राशि भी बरामद कर ली है। साथ ही प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर कार्रवाई भी की गयी। पुलिस प्रशासन के कड़े रुख से शहर में संतोष और खुशी है। महासंघ ने कहा कि इस कार्रवाई से आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय का संदेश गया है।

व्यापार महासंघ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, सांसद दुष्यंत सिंह, विधायक राधेश्याम बैरवा सहित जिला पुलिस अधीक्षक, जिला कलेक्टर और पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है।

इसी के साथ व्यापार महासंघ ने गुरुवार को प्रस्तावित बारां बंद को निरस्त करने की घोषणा की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित