बारां , अप्रैल 26 -- राजस्थान में बारां के कांच व्यापारी के अपहरण और फिरौती वसूली के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने रविवार को बताया कि 24 अप्रैल को कांच व्यापारी का दिनदहाड़े अपहरण करके उससे फिरौती वसूलने की घटना सामने आई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी के निर्देशन में विशेष दलों का गठन किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस के चार अलग दलों को विभिन्न स्थानों पर आरोपियों की तलाश में रवाना किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपियों की पहचान करके उन्हें दबोंचने में सफलता हासिल की।
श्री अंदासु ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मोइन खान उर्फ मोनू (22), सुमित नागर (20), साजिद उर्फ राइडर (20) शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने व्यापारी को हथियार की नोक पर अगवा करके उससे मोटी रकम की फिरौती मांगी थी। बाद में 14 लाख रुपए की राशि लेकर उसे छोड़ दिया था। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित