, July 18 -- जमशेदपुर, 18 जुलाई झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार के निर्देशानुसार राज्य के सभी शहरी क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर 18 एवं 20 जुलाई को मतदाताओं के इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराने, फॉर्म भरकर जमा करने एवं मैपिंग आदि के सहयोग के लिए विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं।
इस कार्यक्रय के भौतिक निरीक्षण के क्रम में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार द्वारा शनिवार को जमशेदपुर पश्चिमी , आजादनगर के मतदान क्रम संख्या 271 से 283 तक एवं इसके उपरांत ईचागढ़, कपाली के मतदान केंद्र संख्या 329 से 334 तक का भौतिक निरीक्षण किया गया।
अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निरीक्षण के क्रम में बीएलओ द्वारा मतदाताओं के इन्यूमरेशन फॉर्म संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी शहरी क्षेत्र के मतदाताओं से अनुरोध किया है कि जल्द से जल्द अपना इन्यूमरेशन फॉर्म बीएलओ को भरकर जमा कर दें। वर्तमान मतदाता सूची के सभी मतदाताओं के लिए इन्यूमरेशन फॉर्म प्रिंट किए गए है एवं बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं तक इसे पहुंचाने का कार्य किया गया है।
इन्यूमरेशन फॉर्म को भरकर एवं हस्ताक्षर कर जो मतदाता अपने बीएलओ को वापस जमा करेंगे, केवल उनका ही नाम 5 अगस्त के मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाश में प्रकाशित होगा, जिन मतदाताओं ने अपना इन्यूमरेशन फॉर्म ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से बीएलओ को भरकर एवं हस्ताक्षर कर अभी तक नहीं जमा किया है, वे 20 जुलाई को अवश्य अपने बीएलओ को इसे भरकर एवं हस्ताक्षर कर उपलब्ध करा दें, जिससे बीएलओ द्वारा इसके डिजिटाइजेशन का कार्य ससमय पूरा किया जा सके।
इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित बूथ के विशेष कैंप के बीएलओ, बीएलओ सुपरवाईजर, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं मतदाता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित