कालाढुंगी , जनवरी 31 -- उत्तराखंड के कालाढुंगी में आज अपर जिलाधिकारी नैनीताल विवेक रॉय ने कालाढुंगी तहसील कार्यालय उपजिलाधिकारी कार्यालय एवं न्यायालय का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय एवं न्यायालय की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, जिस पर अपर जिलाधिकारी ने संतुष्टि व्यक्त की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक रॉय ने स्पष्ट कहा कि किसी भी निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य व्यवस्थाओं में सुधार लाना होता है। यदि कोई व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित नहीं हो रही है या नियमों के विरुद्ध चल रही है, तो उसे तुरंत पटरी पर लाया जाना चाहिए, ताकि आम जनता को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं मिल सकें।
उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, कर्मचारियों की उपस्थिति, फाइलों के निस्तारण की स्थिति तथा न्यायालय में लंबित वादों की गहन समीक्षा की। इस दौरान कर्मचारियों के उपस्थिति रजिस्टर की भी जांच की गई और न्यायालय में विचाराधीन मामलों की प्रगति का अवलोकन किया गया।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़े मामलों का निस्तारण समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से किया जाए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासन, समयपालन और जिम्मेदारी सर्वोपरि होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम कालाढूंगी विपिन चंद्र पंत, तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण किए जाएंगे, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत, प्रभावी एवं जनहितकारी बनाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित