, Nov. 10 -- पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कैदराबाद निवासी छोटू कुमार यादव के घर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर घर के ड्रेसिंग टेबल के दराज में काले प्लास्टिक में छिपाकर रखे गए 5,94,100 रुपये बरामद किए गए। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर रामबाग स्थित कुशल रेस्टोरेंट के पास छापेमारी की गई। वहां खड़ी दो कारों की तलाशी में आसमानी और लाल रंग के बैग तथा अन्य सामान में रखे चांदी जैसी धातु के कुल 62.040 किलोग्राम बिस्कुट बरामद किए गए। बरामद धातु को विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम की उपस्थिति में सीलबंद किया गया।पुलिस ने इस मामले में छोटू कुमार यादव के अलावा विशाल महासेठ उर्फ विक्की, धीरज सोनी, संतोष कुमार साह और तेजस अभिषेक चन्द्र को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहां तलाशी के दौरान 7.65 एमएम और केएफ अंकित एक खोखा बरामद किया गया। पुलिस ने लूट में प्रयुक्त होने के संदेह में टाटा टिगोर और एक कार भी जब्त की है। कार पर कूटरचित निबंधन नंबर लगा होने की बात सामने आई है।
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी, वारदात में प्रयुक्त हथियार और लूटे गए शेष सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित