जयपुर , अप्रैल 10 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि प्रदेश में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों एवं घटनाओं पर त्वरित कार्यवाही के लिए पुलिस को आवश्यक आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

श्री शर्मा ने आज यहां पुलिस मुख्यालय से महिला सुरक्षा को समर्पित 42 पीसीआर वैन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया और इस अवसर पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि इसी क्रम में यह महिला पीसीआर वैन 24 घण्टे महिलाओं की सहायता के लिए काम करेंगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिला सुरक्षा हैल्पलाइन 1090 को निरन्तर मजबूत बना रही है। उल्लेखनीय है कि इन सभी वाहन टीम को अभय कमाण्ड सेंटर से जोड़ा जायेगा जो कि पहले से संचालित डायल 112 की तर्ज पर कार्य करेगी। इसके लिए प्रत्येक वाहन में मोबाइल डाटा टर्मिनल (एमडीटी) स्थापित किया गया है। अभय कमाण्ड सेंटर से एमडीटी को मिले निर्देशों पर अपराध एवं घटना के विरूद्ध प्रभावी तथा त्वरित कार्यवाही संभव होगी। इन वाहनों में अन्य महत्वपूर्ण उपकरणों के तहत जीपीएस, फोल्डिंग स्ट्रेचर एवं एलईडी लाइट बार को भी उपलब्ध कराया गया है।

महिला सुरक्षा हैल्पलाइन 1090 महिलाओं को आपातकालीन स्थिति जैसे उत्पीड़न, शोषण और हिंसा के मामलों में सहायता प्रदान करती है। यह हैल्पलाइन महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं सशक्त वातावरण उपलब्ध कराने में प्रभावी तरीके से कार्य कर रही है।

इस अवसर पर गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित