चन्दौली , सितंबर 1 -- अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में चन्दौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अप्रैल से अब तक विभिन्न गंभीर अपराधों में वांछित 46 इनामी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनमें अकेले अगस्त माह में 17 इनामी अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। गिरफ्तार आरोपियों में गोवंश तस्करी, हत्या, पॉक्सो, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, भ्रष्टाचार, अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और गोवंश तस्करी से जुड़े वित्तीय लेन-देन के मामलों में वांछित आरोपी शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर के पर्यवेक्षण में वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार अप्रैल से अब तक गिरफ्तार 46 इनामी आरोपियों में पांच ऐसे अपराधी हैं, जो एक वर्ष से अधिक समय से फरार चल रहे थे। इनमें अगस्त में दो लंबे समय से वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।

पुलिस के मुताबिक लंबे समय से फरार रहे आरोपियों में रंजय सिंह निवासी गोबरिया धरना प्लांट डिपो, मुगलसराय को पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं के मुकदमे में, दिलीप कुशवाहा उर्फ छोटू निवासी वैशाली, बिहार को अपहरण एवं धमकी के मामले में और अरबाज नट उर्फ खबरी निवासी कुशहां, धीना को पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया। तीनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस अब अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ उनके आर्थिक नेटवर्क और अपराध से अर्जित संपत्ति की भी जांच कर रही है। गोवंश तस्करी, अवैध शराब, मादक पदार्थों और अन्य संगठित अपराधों से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटाकर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संपत्ति और वित्तीय गतिविधियों के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गंभीर अपराधों में वांछित और इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित