देवरिया , अगस्त 15 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी (सपा) के शासनकाल में प्रदेश में अपराधियों का प्रभाव था और सरकार उन्हें संरक्षण देती थी। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एस.एन. सिंह ने शनिवार को यहां जारी बयान में कहा कि समाजवादी पार्टी को अपराध और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान ऐसी स्थिति थी कि यह तय करना मुश्किल हो जाता था कि सरकार अपराधियों की है या अपराधी सरकार के संरक्षण में हैं। उस समय आम नागरिक भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर था।

उन्होंने कहा कि सपा शासनकाल की कानून-व्यवस्था को लेकर उस समय आम लोगों के बीच अनेक चर्चाएं और टिप्पणियां होती थीं। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार में अपराधियों को विशेष सुविधाएं प्रदान की जाती थीं और उनके प्रति नरम रवैया अपनाया जाता था।

श्री सिंह ने कहा कि जिस राजनीतिक दल ने अपराध को बढ़ावा दिया और उसे संस्थागत स्वरूप दिया, वह आज कानून-व्यवस्था पर प्रश्न उठा रहा है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान भाजपा सरकार में कानून का राज स्थापित हुआ है तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं और सुशासन को प्राथमिकता दी जा रही है। श्री सिंह ने जनता से अपील की कि वह उन राजनीतिक दलों को पहचानें जिन्होंने अपने शासनकाल में अपराध और अराजकता को बढ़ावा दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित