मुरैना , जनवरी 21 -- अपने हथियार प्रदर्शन के लिए कुख्यात मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से आपराधिक रिकॉर्ड वाले 21 सौ से अधिक शस्त्र लायसेंस धारियों के लायसेंस के निलंबन की पुलिस प्रशासन ने कलेक्टर से अनुशंसा की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए गए 30 दिवसीय विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ के निर्देशन में 15 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक शस्त्र लाइसेंसधारियों के आपराधिक रिकॉर्ड की गहन जांच की गई। इस अभियान के दौरान विभिन्न शासकीय पोर्टल के माध्यम से जिले के समस्त लायसेंसी शस्त्रधारकों के रिकॉर्ड का परीक्षण किया गया। जांच में कुल दो हजार 148 शस्त्र लाइसेंसधारियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध पाए गए।

पुलिस प्रशासन के अनुसार, आपराधिक रिकॉर्ड वाले शस्त्रधारकों द्वारा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, आपराधिक मामलों के साक्षियों को डराने-धमकाने, न्यायालयीन प्रक्रिया को प्रभावित करने तथा शस्त्र लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन किए जाने की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। इसी आधार पर दिसंबर 2025 से 20 जनवरी 2026 तक दो हजार 148 लायसेंसी शस्त्रधारकों के शस्त्र लाइसेंस निलंबन संबंधी प्रस्ताव पुलिस अधीक्षक द्वारा अनुशंसा सहित कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मुरैना को प्रेषित किए गए हैं।

पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह विश्लेषणात्मक कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। भविष्य में जिन भी शस्त्र लाइसेंसधारकों के विरुद्ध गंभीर प्रकृति की शिकायतें प्राप्त होंगी अथवा जो लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन कर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाएंगे, उनके शस्त्र लाइसेंस के निलंबन एवं निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। अभियान को जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित