चंडीगढ़ , अगस्त 27 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने गुरुवार को गमाडा में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि आप के अपने सांसद द्वारा गमाडा में रिश्वतखोरी और नौकरशाही द्वारा व्यवस्था के कथित दुरुपयोग का मुद्दा उठाया जाना मान सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
श्री ढिल्लों ने कहा कि जब सत्तारूढ़ पार्टी का अपना सांसद ही गमाडा में भ्रष्टाचार की बात स्वीकार कर रहा है, तो यह सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस के दावों की पोल खोलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार केवल गमाडा तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे पंजाब में फैला हुआ है, जिससे आम लोगों, कारोबारियों और गरीबों पर बोझ बढ़ा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि राज्य की तहसीलों में रिश्वत दिये बिना काम नहीं होता। उन्होंने कहा कि आप सरकार ने पंजाब को कथित तौर पर लूट-खसोट का केंद्र बना दिया है। उन्होंने खनन से संबंधित आप के पूर्व दावों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने खनन से सरकारी खजाने में 20,000 करोड़ रुपये आने का दावा किया था, जबकि राजस्व करीब 600 करोड़ रुपये तक ही सीमित रहा। उन्होंने सवाल किया कि शेष 19,400 करोड़ रुपये कहां गये। उन्होंने कहा कि जो सरकार भ्रष्टाचार के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति का दावा करती है, उसे अपने ही सांसद द्वारा सरकारी संस्थानों में कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगाये जाने पर जवाब देना चाहिए।
श्री ढिल्लों ने आरोप लगाया कि ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है।उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता कथित भ्रष्टाचार और लूट के लिए आप सरकार को जवाबदेह ठहराएगी और 2027 के विधानसभा चुनाव में इस सरकार को सत्ता से बाहर करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित