मुंबई , जून 06 -- भारत के मुख्य चयनकर्ता अजीत आगरकर ने कहा कि उनकी चयन समिति के पास वैभव सूर्यवंशी को राष्ट्रीय टीम में मौक़ा देने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं था।
आगरकर ने कहा कि 15 वर्षीय खिलाड़ी ने पिछले दो आईपीएल सीज़न में अपने शानदार प्रदर्शन से टी20 टीम में जगह लगभग "ख़ुद ही तय कर ली"। आईपीएल 2026 में सूर्यवंशी ने 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए और अकेले दम पर राजस्थान रॉयल्स को प्लेऑफ़ तक पहुंचाया। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के ख़िलाफ़ टी 20 सीरीज़ के लिए भारत की टीम में जगह मिली, साथ ही एशियाई खेलों की पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए भी उन्हें चुना गया।
आगरकर ने कहा, "मुझे लगता है कि उन्होंने ख़ुद ही अपनी जगह बना ली। अपने प्रदर्शन से ही उन्होंने हमें चुनने के लिए लगभग मज़बूर कर दिया। मुझे यह बताने की ज़रूरत नहीं है कि वह कितना अच्छा खेल रहा है और यह सिर्फ़ इस सीज़न की बात नहीं है। पिछले सीज़न भी उन्होंने अपने आईपीएल करियर की शानदार शुरुआत की थी। और फिर एक युवा खिलाड़ी का इतनी प्रतिस्पर्धी और दबाव वाली प्रतियोगिता में उस प्रदर्शन को दोहराना काबिल-ए-तारीफ़ है। जिस तरह वह विस्फ़ोटक बल्लेबाज़ी कर सकते हैं और मैच का रुख़ बदल सकते हैं, भारत में टी 20 क्रिकेट देखने वाले हर व्यक्ति की तरह हमें भी उनसे बहुत उम्मीदें हैं।"14 साल की उम्र में सूर्यवंशी पुरुष टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र के शतकवीर बने थे, जब उन्होंने आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस के ख़िलाफ़ 38 गेंदों में 101 रन बनाए थे। इस सीज़न में उन्होंने जसप्रीत बुमराह और मिचेल स्टार्क जैसे दुनिया के बेहतरीन गेंदबाज़ों पर जिस तरह से आक्रमण किया, उससे चयनकर्ताओं को भरोसा हो गया कि वह अगले लेवल के लिए तैयार हैं।
आगरकर ने कहा, "मुझे उनकी उम्र पता है कि वह कितने युवा हैं और उनका करियर अभी कितने शुरुआती दौर में है। लेकिन उन्होंने लगातार दो आईपीएल सीज़न में शानदार प्रदर्शन किया है। हम जानते हैं कि वह अंडर-19 स्तर पर क्या कर रहे थे, जो शायद आईपीएल या सीनियर क्रिकेट से थोड़ा नीचे का स्तर है। लेकिन हम सभी देख सकते हैं कि उनके पास कितनी प्रतिभा है। हमें उम्मीद है कि जब उन्हें देश के लिए खेलने का मौक़ा मिलेगा, तो वह वही क्षमता दिखाएंगे, जो अब तक दिखाते आए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित