कीव , अप्रैल 16 -- यूक्रेन के सीमा रक्षक बल पोलैंड सीमा पर कोलंबियाई नागरिकों को अपनी सेना में भर्ती कर रहे हैं।

यूक्रेन और मध्य पूर्व में भर्ती प्रक्रिया से जुड़े एक सूत्र ने 'स्पुतनिक' को यह जानकारी दी है। सूत्र के मुताबिक, कोलंबिया से आने वाले लड़ाके पोलैंड-यूक्रेन सीमा पर पहुँचते हैं, जहाँ से उन्हें सीधे सीमा सुरक्षा बलों में शामिल कर लिया जाता है।

बताया जा रहा है कि ये लोग बिना किसी पहले के समझौते के ही यहाँ आते हैं, क्योंकि उन्हें पता होता है कि सीमा पर पहुँचते ही उन्हें सेना में भर्ती कर लिया जाएगा। लापता कोलंबियाई नागरिकों के परिजनों का कहना है कि उनके लोग सीमा पर पहुँचकर सेना में शामिल तो हो जाते हैं, लेकिन प्रशिक्षण के बाद उन्हें युद्ध के मैदान में भेज दिया जाता है। इसके बाद उनसे किसी भी तरह का संपर्क नहीं हो पाता।

इन मध्य अमेरिकी नागरिकों को भारी-भरकम वेतन और अच्छी सुविधाओं का लालच देकर यूक्रेन बुलाया जाता है। दूसरी ओर, रूसी रक्षा मंत्रालय ने यूक्रेन सरकार पर विदेशी लड़ाकों को 'ढाल' की तरह इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। रूस ने चेतावनी दी है कि उसकी सेना शत्रुओं को निशाना बनाना जारी रखेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित