जयपुर , अप्रैल 10 -- राजस्थान से राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के रिफाइनरी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि अपनी सरकार की नाकामियों को छुपाने के लिए दूसरों पर दोषारोपण करना ठीक नहीं हैं।
श्री राजेन्द्र गहलोत ने अपने बयान में शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 21 अप्रैल को पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन कार्यक्रम पर अनायास टिप्पणी करना औंछी राजनीति को दर्शाता है। जब वह मुख्यमंत्री थे, तब रिफाइनरी के लिए न कोई निश्चित स्थान तय किया गया, न ठोस प्लानिंग की गई और न ही बजट का पूर्वानुमान लगाया गया था, केवल वाहवाही लूटने के लिए जल्दबाजी में शिलान्यास कर दिया गया था।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में भाजपा सरकार ने सही स्थान और उचित बजट तय किया लेकिन 2018 से 2023 तक गहलोत सरकार ने रिफाइनरी पर कोई काम नहीं किया। वह केवल कुर्सी बचाने के चक्कर में जयपुर-दिल्ली चक्कर काटते रहे। दिसंबर 2023 राजस्थान में भाजपा सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत संकल्प को साकार करने के लिए इस रिफाइनरी प्रोजेक्ट को प्राथमिकता दी और दो-चार बार स्थल पर जाकर निरीक्षण किया और मात्र दो वर्षों में ही काम पूरा कर दिखाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित