अलवर , मई 01 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के टपूकड़ा के गेलपुर स्थित कजारिया सेरेमिक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में वेतन वृद्धि और अन्य सुविधाओं को लेकर श्रमिक शुक्रवार को धरने पर बैठ गए।
श्रमिकों ने भिवाड़ी मेगा हाईवे पर जाम लगाने का प्रयास किया, जिसे प्रशासन ने समझाकर खुलवा दिया। बड़ी संख्या में श्रमिक कंपनी के बाहर हाईवे किनारे डटे हुए हैं और कंपनी प्रबंधन से वार्ता चल रही है। अब तक कोई समझौता नहीं हो पाया है और श्रमिक लगातार धरने पर डटे हुए हैं।
श्रमिकों ने बताया कि बहुत कठोर काम लिया जाता है। चोट लगने पर भी इलाज नहीं करवाया जाता। हम अपने खर्चे से ठीक होते हैं। ईएसआई, पीएफ कुछ नहीं है। हम 18 हजार रुपये वेतन और बुनियादी सुविधाएं चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि आठ घंटे काम के बाद ओवरटाइम की दुगुनी दर हो, हर हफ्ते एक छुट्टी मिले। पूरी उपस्थिति पर हाजिरी पुरस्कार मिलना चाहिए। अभी साढ़े नौ हजार रुपये में परिवार चलाना बहुत मुश्किल हो गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित