बारां , जुलाई 09 -- "फूल नहीं चिंगारी है, हम भारत की नारी हैं" और "आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाओ" जैसे नारों के साथ गुरुवार को राजस्थान में बारां जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने जिला कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन करके अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में महिलाएं जिला मुख्यालय पहुंचीं और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मानदेय बढ़ाने की मांग उठायी। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं वर्षों से महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं का सफल संचालन कर रही हैं। गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, बच्चों के पोषण, टीकाकरण, सर्वेक्षण और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है, इसके बावजूद उन्हें बहुत कम मानदेय दिया जा रहा है।

कार्यकर्ताओं ने बताया कि बढ़ती महंगाई के दौर में वर्तमान मानदेय से परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मासिक मानदेय बढ़ाकर 25 हजार रुपये और सहायिकाओं का मानदेय भी सम्मानजनक स्तर तक बढ़ाया जाये। साथ ही नियमितीकरण, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन एवं अन्य सुविधाएं प्रदान करने की मांग भी उठायी।

ज्ञापन में कहा गया कि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो राज्यभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आयी बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित