फगवाड़ा, अगस्त 18 -- राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सींचेवाल द्वारा शुरू किये गये 'अपना पिंड संभालो' अभियान को लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है।

अभियान के तहत मंगलवार को गौशाला फतेहवाल मंड में आयोजित सभा में करीब आधा दर्जन गांवों के लोगों ने भाग लिया। इसके अलावा सरूपवाल गांव में भी दूसरी सभा आयोजित कर आसपास के गांवों के लोगों से अपने-अपने गांवों के विकास, सुरक्षा और जनकल्याण की जिम्मेदारी सामूहिक रूप से उठाने का आह्वान किया गया।

अभियान से क्षेत्र के लोगों में अपने गांवों के प्रति जिम्मेदारी और भागीदारी की भावना मजबूत हो रही है। बैठक में सुल्तानपुर लोधी के एसडीएम जसप्रीत सिंह, डीएसपी धरेंद्र वर्मा, नायब तहसीलदार भीष्म पांडे, ईओ कमलजीत सिंह तथा ड्रेनेज विभाग और मंडी बोर्ड के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

सभा को संबोधित करते हुए संत बलबीर सिंह सींचेवाल ने कहा कि मंड क्षेत्र के गांवों को नशामुक्त बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशे, विशेषकर 'चिट्टा' की लत का शिकार हो चुके युवाओं के पुनर्वास के लिए प्रयास किये जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों से सामूहिक रूप से नशा तस्करों को गांवों में प्रवेश करने से रोकने और चोरी तथा लूट की घटनाओं से बचाव के लिए पारंपरिक 'ठीकरी पहरा' व्यवस्था को फिर से मजबूत करने की अपील की।

संत सींचेवाल ने बैठक में मौजूद डीएसपी को नशा तस्करों के बारे में सूचना देने वाले लोगों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने के निर्देश भी दिये। क्षेत्र के दर्जनों गांवों के निवासियों ने गौशाला फतेहवाल तक मंडी बोर्ड द्वारा बनाई जा रही पक्की सड़क के लिए संत सींचेवाल का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने कभी उम्मीद नहीं की थी कि मंड क्षेत्र में इस तरह की सड़क बनेगी। उन्होंने सड़क निर्माण को संत सींचेवाल के लगातार प्रयासों और निगरानी का परिणाम बताया। यह सड़क धुसी बांध को एडवांस बांध से जोड़ेगी।

सभा के बाद संत सींचेवाल ने ब्यास नदी के एडवांस बांध का भी दौरा किया। क्षेत्र के किसानों ने बताया कि बांध के निर्माण में सभी गांवों के लोगों ने मिलकर योगदान दिया है। ड्रेनेज विभाग ने भी बांध के बड़े हिस्से को मजबूत करने के लिए पत्थर लगाये हैं।

दौरे के दौरान संत सींचेवाल ने ब्यास नदी के तेज बहाव से बांध पर पड़ रहे प्रभाव का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर पत्थर लगाये गये हैं, वहां पानी का तेज बहाव बांध की ओर दबाव डाल रहा है। उन्होंने प्रभावित हिस्सों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत और मजबूती की आवश्यकता पर जोर दिया। आहली कलां, आहली खुर्द, हुसैनपुर बुलेवाल, कबीरपुर, अलूवाल, सरूपवाल और कई अन्य गांवों के लोगों ने सभा में हिस्सा लिया और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। एसडीएम ने लाल डोरा क्षेत्र में आने वाले मकानों, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत तैयार की जा रही मतदाता सूचियों में नाम शामिल करने तथा बाढ़ से हुए नुकसान का मुआवजा नहीं मिलने से संबंधित शिकायतें भी सुनीं। 'अपना पिंड संभालो' अभियान के तहत राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सींचेवाल ने आज जालंधर जिले के गांव मेहराजवाला में भी सभा आयोजित की है। बैठक में जालंधर जिले के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। क्षेत्र के गांवों के निवासियों से सभा में शामिल होकर स्थानीय समस्याएं उठाने और गांवों को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक रूप से आगे आने की अपील की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित