मुंबई , सितंबर 10 -- जाने-माने गांधीवादी और सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे को गुरुवार को बॉम्बे अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी।

अस्पताल के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

नवासी वर्षीय श्री हजारे को पिछले हफ्ते उस समय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जब अहिल्यानगर जिले के रालेगण सिद्धि में उनकी तबीयत बिगड़ गयी थी।

श्री हजारे को उनके देखभाल करने वालों के साथ कार्डियक एम्बुलेंस से मुंबई लाया गया और बॉम्बे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ वरिष्ठ डॉक्टर गौतम भंसाली की देखरेख में उनका इलाज हुआ।

उनके सहयोगियों ने बताया कि श्री हजारे लगभग पाँच दिनों से बीमार थे। उन्हें बुखार, यूरिनरी इन्फेक्शन और कमजोरी की शिकायत थी। उन्हें शुरू में शिरूर के वेदांत अस्पताल ले जाया गया था, जहाँ यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन का इलाज हुआ और उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की थी।तीन दिन बाद उनकी हालत में सुधार हुआ, लेकिन सीरम क्रिएटिनिन का बढ़ा हुआ स्तर किडनी के कामकाज को लेकर चिंता का विषय बन गया। इसके बाद डॉक्टरों ने आगे की मेडिकल जाँच और खास देखभाल के लिए उन्हें मुंबई ले जाने की सलाह दी।

सूत्रों ने बताया कि बॉम्बे अस्पताल में इलाज और मेडिकल जाँच के बाद गुरुवार दोपहर श्री हजारे को छुट्टी दे दी गयी। छुट्टी के समय उनकी हालत स्थिर बतायी गयी।

पद्म भूषण से सम्मानित हजारे 2011 के 'इंडिया अगेंस्ट करप्शन' आंदोलन के दौरान एक प्रमुख राष्ट्रीय हस्ती बनकर उभरे थे। इस आंदोलन ने एक मजबूत जन लोकपाल कानून के लिए अभियान चलाया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित