चेन्नई , मई 28 -- तमिलनाडु में अखिल भारतीय द्रविड़ मुन्नेत्र कझगम (अन्नाद्रमुक) के विधायकों के दो गुटों के बीच मतभेदों के सुलझने और सुलह के बावजूद पार्टी का संकट कम नहीं हुआ और गुरुवार को भी दलबदल जारी रहा।
अन्नाद्रमुक के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री वेल्लमंडी आर नटराजन ने गुरुवार को पार्टी छोड़ दी और मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की सत्तारूढ़ तमिलगा वेट्री कज़गम (टीवीके) में शामिल हो गए।
श्री नटराजन के इस कदम से अन्नाद्रमुक को बड़ा झटका लगा जो विधानसभा चुनाव में हार के बाद लगातार विधायकों के पलायन का सामना कर रही है। श्री नटराजन ने टीवीके के महासचिव और तमिलनाडु के मंत्री एन आनंद से मुलाकात की और टीवीके में शामिल हो गए। आनंद ने शॉल भेंट करके उन्हें पार्टी में शामिल किया।
तिरुचिरापल्ली के जाने-माने चेहरे नटराजन 2016 में तिरुचिरापल्ली पूर्व विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए थे और जयललिता मंत्रिमंडल में पर्यटन मंत्री के रूप में कार्य किया था। पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता के निधन के बाद अन्नाद्रमुक में नेतृत्व संकट के दौरान, उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम का समर्थन किया था, लेकिन विधानसभा चुनावों से पहले ओपीएस के डीएमके में शामिल होने के बाद, वे इस साल फरवरी में अन्नाद्रमुक में फिर से शामिल हो गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित