चेन्नई , जून 17 -- तमिलनाडु के पुदुक्कोट्टई जिले की विरालीमलई विधानसभा सीट से अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के दिग्गज नेता और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ सी विजय भास्कर के विधायक पद से इस्तीफे के एक दिन बाद, बुधवार को इस सीट को खाली अधिसूचित कर दिया गया। इससे यहां उपचुनाव कराने का रास्ता साफ हो गया है।

इसके साथ ही 234 सदस्यीय सदन में खाली सीटों की कुल संख्या बढ़कर छह हो गयी है। वह अन्नाद्रमुक के पांचवें ऐसे विधायक हैं, जिन्होंने विधानसभा में विश्वास मत के दौरान सत्तारूढ़ तमिझागा वेत्री कषगम (टीवीके) पक्ष में मतदान करने वाले 25 विधायकों में शामिल होने के बाद विधायक पद से इस्तीफा दिया है।

इससे पहले चार बागी विधायकों मरगाथम कुमारवेल (मदुरंतकम-अजा), एस जयकुमार (पेरुंदुरई), पी सत्यभामा (धारापुरम- अजा) और इसाकी सुब्बैया (अंबासमुद्रम) ने इस्तीफा देकर टीवीके का दामन थाम लिया था। इनके इस्तीफे विधानसभा अध्यक्ष ने स्वीकार कर लिए थे और बाद में उनकी सीटों को खाली घोषित कर दिया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित