चेन्नई , अगस्त 29 -- तमिलनाडु में विपक्षी अन्नाद्रमुक के अलांगुडी से पार्टी उम्मीदवार रहे धना विमल ने पूर्व मंत्री डॉ. सी विजय भास्कर के खिलाफ चार करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में मद्रास उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है।
उन्होंने याचिका में पुलिस से उनकी शिकायत पर कार्रवाई करने और पूर्व मंत्री डॉ. विजयभास्कर और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करने संबंधी निर्देश दिए जाने का आग्रह किया है। आरोप है कि इन लोगों ने हालिया विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए टिकट दिलाने का वादा करके उनसे चार करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की। धना विमल चुनाव हार में गये थे।
पुडुकोट्टई जिले के अलांगुडी के रहने वाले धना विमल ने अपनी याचिका में कहा कि उन्होंने अलांगुडी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए अन्नाद्रमुक टिकट के लिए आवेदन किया था। उन्होंने कहा कि पार्टी के पुडुकोट्टई के तत्कालीन जिला सचिव विजयभास्कर ने उनसे फोन पर संपर्क किया और कथित तौर पर चुनाव खर्च के लिए पांच करोड़ रुपये देने को कहा।
याचिकाकर्ता ने कहा कि डॉ विजय भास्कर ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि पार्टी द्वारा उम्मीदवारों की सूची घोषित करने के बाद पैसे लौटा दिए जाएंगे।
धना विमल ने कहा कि इस भरोसे पर उन्होंने 4.50 करोड़ रुपये जुटाए और डॉ विजय भास्कर के कहने पर सोथुप्पलाई मुरुगेशन नाम के एक ठेकेदार को पैसे सौंप दिए। उम्मीदवारों की सूची में अपना नाम आने के बाद, उन्होंने पूर्व मंत्री से चुनाव खर्च के लिए पैसे वापस करने को कहा।
याचिकाकर्ता ने कहा कि डॉ विजय भास्कर ने केवल 50 लाख रुपये लौटाए जबकि बाकी रकम बार-बार मांगने के बावजूद कथित तौर पर अपने पास ही रख ली। डॉ विजय भास्कर ने अपने गढ़ विरालिमलाई से चुनाव लड़ा और जीते भी, लेकिन बाद में इस्तीफा देकर मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व वाली सत्ताधारी टीवीके में शामिल हो गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित