कोलकाता , मई 27 -- पश्चिम बंगाल में अन्नपूर्णा योजना के आवेदन पत्र बुधवार से पूरे राज्य में मिलने शुरू हो गये हैं।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को इसकी घोषणा की थाी। यह घोषणा कल्याणी में आयोजित प्रशासनिक समीक्षा बैठक के बाद की गयी, जिसमें नदिया, उत्तर 24 परगना और हुगली जिलों के अधिकारी शामिल हुए।

श्री अधिकारी ने बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि वर्तमान लक्ष्मी भंडार योजना को अन्नपूर्णा योजना में परिवर्तित करने तथा स्वास्थ्य साथी योजना को आयुष्मान भारत से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, नयी योजना के तहत वित्तीय सहायता की राशि एक जून से लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा सकती है।

मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि संशोधित अन्नपूर्णा योजना के तहत 3000 रुपये की सहायता राशि लागू होने तक लाभार्थियों को लक्ष्मी भंडार योजना के अंतर्गत मिलने वाली वर्तमान सहायता जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि विधायकों को नामांकन अभियान में शामिल किया जाएगा, जबकि प्रखंड विकास अधिकारियों के नेतृत्व में सरकारी अधिकारी जमीनी स्तर पर लोगों को आवेदन पत्र भरने में सहायता करेंगे।

श्री अधिकारी ने यह भी कहा कि केवल भारतीय नागरिक ही इस योजना का लाभ पाने के पात्र होंगे। उन्होंने कहा कि सरकारी धन "बंगलादेशी घुसपैठियों" के लिए नहीं है। इस बात को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है कि लक्ष्मी भंडार योजना के मौजूदा लाभार्थियों को संशोधित योजना के तहत नए सिरे से आवेदन करना होगा या नहीं।

राज्य सरकार पांच जून को केंद्र सरकार के "एक पेड़ मां के नाम" वृक्षारोपण अभियान में भी भाग लेगी। इसके अलावा 15, 16 और 17 जून को पूरे बंगाल में विभिन्न केंद्रीय और राज्य प्रायोजित योजनाओं के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इस बीच, पश्चिम बंगाल भाजपा ने नरेन्द्र मोदी सरकार के पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों को उजागर करने के लिए एक माह लंबे जनसंपर्क अभियान की रूपरेखा तैयार की है। इस अभियान में वृक्षारोपण कार्यक्रम, जनसंपर्क अभियान तथा केंद्रीय कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम शामिल होंगे।

पार्टी की वर्चुअल संगठनात्मक बैठक में वरिष्ठ प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों तथा केंद्रीय प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जहां अभियान की रूपरेखा पर चर्चा की गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित