श्रीगंगानगर , जुलाई 30 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ शहर में कनॉट पैलेस चौक पर स्थित एक निजी कम्पनी के भवन में दूसरी मंजिल पर कार्यालय में गुरुवार को आग लगने से कार्यालय का सामान जलकर खाक हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह होम लोन कम्पनी के कार्यालय से निकलते घने धुएं को देखकर आसपास के लोगों ने अनूपगढ़ थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने तुरंत बिजली बोर्ड और दमकल विभाग को बुलाया। दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे तो कार्यालय और सीढ़ियों पर ताले लगे थे। बढ़ती आग को देखते हुए दमकलकर्मियों ने ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का काम शुरू किया। धुएं की वजह से दमकलकर्मियों को काफी परेशानी हुई। करीब दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया लिया गया।
सूत्रों ने बताया कि आग से कार्यालय में रखा फर्नीचर, प्रिंटर, एलईडी स्क्रीन, कैमरे और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक हो गये। कम्पनी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित