श्रीगंगानगर , मई 29 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ में शुक्रवार को एमएसपी पर गेहूं खरीद को लेकर लगातार हो रही देरी, बारदाने की भारी कमी और 31 मई के बाद खरीद बंद होने की आशंका से नाराज ने किसानों ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ अतिरिक्त जिला कलेक्टर कार्यालय कार्यालय के बाहर धरना दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार किसानों ने अपनी मांगों को लेकर करीब एक घंटे तक धरना दिया। इसके बाद जब वे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों सहित कार्यालय परिसर में प्रवेश करने लगे तो पुलिस बल ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हो गई।

आक्रोशित किसानों ने ट्रैक्टरों की मदद से बैरिकेड्स तोड़ दिए। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस अधिकारी और तहसीलदार दिव्या चावला मौके पर पहुंचे। किसान नेता बलराज सिंह को हिरासत में लिए जाने की खबर से किसानों का गुस्सा और भड़क गया, जिसके बाद उन्होंने गौरव पथ पर जाम लगा दिया । सरकार-प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

लंबी नोकझोंक के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और किसान प्रतिनिधियों के बीच करीब 40 मिनट तक बैठक हुई। बैठक में उपखंड अधिकारी दीपक चंदन ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को राज्य सरकार तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद बलराजसिंह को छोड़ दिया गया और किसानों ने जाम समाप्त कर प्रदर्शन खत्म किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित