अनूपगढ़ , जनवरी 19 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ थाना क्षेत्र में एक ईंट भट्टे पर 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चक 87 जीबी में 21 वर्षीय युवती तीन महीने से मजदूरी कर रही थी। शुक्रवार की रात करीब एक बजे युवती अचानक लापता हो गई। परिवार ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला और सोमवार तड़के तीन बजे भट्टे की पानी में उसका शव मिला।

पुलिस ने श्रमिकों की मदद से शव निकाला। शव मिलने के बाद भट्टे पर काम करने वाले श्रमिकों में आक्रोश फैल गया। पूर्वाह्न करीब 11 बजे वे शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर अनूपगढ़-रायसिंहनगर मार्ग पर पहुंचे और रास्ता जाम कर दिया। आधे घंटे तक चले इस जाम से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाया और शव अनूपगढ़ के सरकारी अस्पताल भेजा।

सूत्रों ने बताया कि मृतका के छोटे भाई ने पुलिस को दिए प्रार्थना-पत्र में चक 87 जीबी के एक स्थानीय युवक पर आरोप लगाते हुए कहा है कि उक्त युवक उसकी बहन का पीछा करके उसे परेशान करता था। युवती के कपड़ों से मिली दो फोटो को आधार बनाते हुए भाई ने कहा कि युवक का इसमें हाथ हो सकता है। थानाधिकारी ईश्वरप्रसाद जांगिड़ ने बताया कि जांच चल रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित