श्रीगंगानगर , अप्रैल 03 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ में चाय दूध का मामूली सा होटल चलाने वाले एक बुजुर्ग व्यक्ति की गुरुवार देर रात अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि तड़के करीब साढ़े चार बजे एक मजदूर वहां से गुजर रहा था, तब उसने चाय वाले को खून से लथपथ पड़े देखा तो पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ईश्वरप्रसाद दलबल सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान पालीराम (68) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि मृतक राष्ट्रीय राजमार्ग 911 पर विद्युत निगम के 132 केवी जीएसएस के सामने रोड के दूसरी तरफ भौमिक सिटी के पास चाय दूध का होटल पिछले तीन वर्ष से चला रहा था। अक्सर वह रात को होटल में ही सो जाता था।
श्रीगंगानगर से पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव मौके पर पहुंचे और भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस हत्यारे का पता लगा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित