श्रीगंगानगर , सितम्बर 18 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले की अनूपगढ़ नगरपालिका में अध्यक्ष पद का चुनाव अब पूरी तरह दो नामों तक सिमट गया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की निखिला मोहित छाबड़ा और कांग्रेस की सुमन चुघ आमने-सामने हैं, लेकिन असली फैसला पार्टी के आंकड़ों से नहीं, बल्कि 12 निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से होगा। शुक्रवार को नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्थिति साफ हो गयी।
कांग्रेस से बगावत कर अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरने वाली रितिका मिड्ढा और निर्मला गोदारा ने अपने पर्चे वापस ले लिए। इसके बाद मैदान में सिर्फ दो उम्मीदवार बचीं।
भाजपा ने वार्ड 27 से चुनी गई निखिला छाबड़ा को अपना प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस की ओर से सुमन चुघ मैदान में हैं, जो वार्ड 28 से निर्विरोध पार्षद चुनी गयी थीं। अध्यक्ष पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। कांग्रेस के 16 पार्षद, भाजपा के सात पार्षद और निर्दलीय 12 पार्षद हैं। अध्यक्ष चुने जाने के लिए कम से कम 18 पार्षदों का समर्थन जरूरी है। कांग्रेस को बहुमत के लिए सिर्फ दो और वोट चाहिए, जबकि भाजपा को 11 निर्दलीयों का समर्थन जुटाना होगा।
यही कारण है कि 12 निर्दलीय पार्षद इस चुनाव के निर्णायक बन गए हैं। दोनों प्रमुख दलों के बीच सीधा मुकाबला होने के बावजूद, नतीजा निर्दलीय पार्षदों के रुख पर निर्भर करेगा। कांग्रेस के लिए दो निर्दलीयों का साथ मिलना काफी है, जबकि भाजपा को बड़े पैमाने पर समर्थन जुटाना होगा। स्थानीय स्तर पर जोड़-तोड़ और समर्थन जुटाने की कवायद अब तेज हो गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित