नयी दिल्ली , अक्टूबर 24 -- लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को समाज के सभी वर्गों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों और स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित समुदायों तक किफायती व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि चुनौती केवल उन्नत इलाज विकसित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि इन सुविधाओं का लाभ उन लोगों तक पहुंचे जिन्हें इसकी सर्वाधिक आवश्यकता है।
लोक सभा अध्यक्ष नई दिल्ली में 'जेरियाट्रिक ऑर्थोपेडिक सोसाइटी ऑफ इंडिया' द्वारा आयोजित 13वें वार्षिक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन 'जीओ एसआईसीओएन' को संबोधित कर रहे थे।
वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल में परिवार, समाज और स्वास्थ्य पेशेवरों की भूमिका को रेखांकित करते हुए श्री बिरला ने कहा कि बढ़ती उम्र एक स्वाभाविक प्रक्रिया है। हालांकि, नियमित व्यायाम, समय पर चिकित्सीय परामर्श और संतुलित जीवनशैली के माध्यम से वृद्धावस्था में भी शारीरिक गतिशीलता और जीवन स्तर को बेहतर बनाए रखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि बीमारियों के इलाज पर निर्भर रहने के बजाय रोगों की रोकथाम को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित