बेंगलुरू , नवंबर 07 -- जैन ऑनलाइन ने अपने संकाय विकास कार्यक्रम (एफडीपी) के तहत प्राध्यापकों, शोधकर्ताओं और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों की अनुसंधान क्षमता मजबूत करने के उद्देश्य से इस माह पांच दिन का एक विशेष ऑनलाइन कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है जिसमें देश विदेश के दस चुनिंदा मार्गदर्शक व्याख्यान एवं प्रस्तुतियां देंगे।
नैक ए डबल प्लस प्रमाणित इस संस्था की एक विज्ञप्ति के अनुसार निजी क्षेत्र के अकादमिक संस्थान जैन (जैन विश्वविद्यालय) के ई-शिक्षा प्रभाग द्वारा आयोजित यह 16-20 नवंबर तक चलाया जायेगा। इसके लिए देश विदेश के अभ्यर्थी ऑनलाइन पंजीकरण 10 नवंबर तक करा सकते हैं।
इस कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा अनुसंधान की पद्धतियों,सांख्यिकी विश्लेषण की विधाओं और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के व्यावहारिक उपयोग पर विशेषज्ञों के सत्र आयोजित किये जायेंगे। जैन आनलाइन के सलाहकार डॉ एनवीएच कृष्णन ने एक बयान में कहा कि ' इस कार्यक्रम का उद्येश्य प्रतिभागियों की अकादमिक क्षमता का संवर्धन करना है ताकि वे ऐसे अनुसंधान कार्य सम्पन्न करने में समर्थ हो जो अनुसंधान-पद्धति की दृष्टि से ठोस और प्रकाशन योग्य हों।'विज्ञप्ति के अनुसार प्रतिभागियों को हैदराबाद विश्वविद्यालय, एनआईटी वारंगल, आईआईआईटी कोट्टायम, सी-डैक बेंगलुरु, बिमटेक और यूनिवर्सिटी ऑफ द पीपल (अमेरिका) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े दस चुनिंदा मार्गदर्शकों को सुनने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा।कार्यक्रम की शुरुआत जैन (डीम्ड-टू-बी यूनिर्सिटी) के कार्यवाहक कुलपति एवं रजिस्ट्रार डॉ. जितेंद्र कुमार मिश्रा,निदेशक डॉ. मानव सक्सेना मुख्य वक्तव्य के साथ शुरू होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित