इंदौर , जून 07 -- आदित्य बिड़ला ग्रुप मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप 2026 के महिला वर्ग में बुंदेलखंड बुल्स ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए ग्वालियर शेरनीज को रोमांचक मुकाबले में 4 विकेट से हरा दिया। डेली कॉलेज, इंदौर में खेले गए इस मैच में बुंदेलखंड बुल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ग्वालियर शेरनीज ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 117 रन बनाए।
ग्वालियर शेरनीज की शुरुआत सलामी बल्लेबाज नुजहत परवीन और आशना पाटीदार ने करते हुए पहले विकेट के लिए 37 रन जोड़े, हालांकि आशना 15 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद नुजहत परवीन ने सौम्या तिवारी के साथ मिलकर 41 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की और टीम की पारी को आगे बढ़ाया। कप्तान नुजहत के 45 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट होने के बाद शेरनीज की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे।
बुंदेलखंड बुल्स की ओर से शुचि उपाध्याय और मुस्कान बिस्वास ने शानदार गेंदबाजी की। शुचि ने अपने 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि मुस्कान ने 17 रन देकर 2 विकेट चटकाए। पायल बाल्मिक ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में सिर्फ 14 रन देकर 1 विकेट लिया।
118 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बुंदेलखंड बुल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 31 रन के स्कोर पर 3 विकेट गंवा दिए। इसके बाद कप्तान अनुष्का शर्मा और सुहानी शर्मा ने चौथे विकेट के लिए 49 रनों की अहम साझेदारी कर पारी को संभाला। सुहानी ने 19 गेंदों में 25 रनों की उपयोगी पारी खेली।
दूसरे छोर पर अनुष्का शर्मा ने जिम्मेदारी संभालते हुए संयमित बल्लेबाजी जारी रखी और टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। मैच का रोमांच 17वें ओवर में और बढ़ गया, जब माही ठाकुर आउट होती नजर आईं, लेकिन गेंद नो-बॉल घोषित होने से उन्हें जीवनदान मिल गया।
इस मौके का फायदा उठाते हुए माही ठाकुर ने 18 गेंदों में महत्वपूर्ण 16 रन जोड़े। इसके बाद पायल बाल्मिक रन आउट होकर पवेलियन लौट गईं, लेकिन अनुष्का शर्मा अंत तक नाबाद रहीं और अपनी टीम को जीत दिलाकर लौटीं। अनुष्का ने 49 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली और इसी प्रदर्शन के दम पर उन्होंने ऑरेंज कैप भी अपने नाम कर ली। अब उनके नाम तीन मैचों में कुल 140 रन दर्ज हो चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित