हमीरपुर , दिसंबर 23 -- पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि किसी भी समाज का विकास उसकी महिलाओं की बेहतर स्थिति पर निर्भर करता है। महिलाएं तभी एक बेहतर समाज के निर्माण में योगदान दे पाएंगी जब वे सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त होंगी।

हिमाचल प्रदेश में महिला सम्मान और आर्थिक सुरक्षा की दिशा में कार्यरत स्वैच्छिक संगठन 'प्रयास' के 'ऊंची उड़ान' नामक कार्यक्रम में उन्होंने सोमवार को कहा "ऊंची उड़ान कार्यक्रम के माध्यम से प्रयास है कि महिलाओं को उचित सम्मान मिले और उनकी आर्थिक सुरक्षा की भावना को और मजबूत किया जाए। ऊंची उड़ान महिलाओं के सम्मान और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।"गौरतलब है कि हमीरपुर और नादौन ब्लॉक की लगभग 300 महिलाओं के लिए एक अनूठा प्रशिक्षण कार्यक्रम 'ऊंची उड़ान' आयोजित किया गया, जहां उन्हें सफल महिला उद्यमी बनने का प्रशिक्षण दिया गया। इस समूह से 100 आकांक्षी महिला उद्यमियों का चयन किया गया है। ऊंची उड़ान कार्यक्रम के तहत चयनित 100 महिलाओं को उद्यमिता के लिए उनके जुनून को सम्मान देते हुए 30 लाख रुपये मूल्य की 361 वस्तुओं का वितरण किया गया।

हमीरपुर से सांसद श्री ठाकुर ने कहा कि प्रयास स्वैच्छिक संगठन हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। संगठन इन महिलाओं को उनके व्यवसायों को विस्तार देने और उनके उत्पादों के लिए बाजार संपर्क स्थापित करने में अगले एक वर्ष तक सहायता प्रदान करने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित