नयी दिल्ली , जुलाई 17 -- भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी अनुराग कुमार ने शुक्रवार दोपहर दिल्ली पुलिस के नए आयुक्त के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सतीश गोलचा से पदभार ग्रहण किया।
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक आदेश के जारी करके कहा कि अरूणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम-केंद्रशासित प्रदेश (एजीएमयूटी) संवर्ग के 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी श्री कुमार तत्काल प्रभाव से कार्यभार संभालेंगे और अगले आदेश तक इस पद पर बने रहेंगे।
अपनी इस नियुक्ति से पहले, श्री कुमार खुफिया ब्यूरो (आईबी) में विशेष निदेशक थे। श्री कुमार को पुलिस व्यवस्था, खुफिया जानकारी और रणनीतिक सुरक्षा में तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। उनको सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक के साथ-साथ विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है।
गृह मंत्रालय के आदेश में निवर्तमान दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा को भी निर्देश दिया गया है कि वे श्री कुमार के कार्यभार संभालने के बाद अगली तैनाती के लिए दिल्ली के उप-राज्यपाल को रिपोर्ट करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित