मुंबई , सितंबर 30 -- कॉकरोच जनता पार्टी(सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बुधवार को घोषणा की कि मुंबई पुलिस के अनुमति न देने के बावजूद उनका संगठन महाराष्ट्र की राजधानी स्थित दादर के शिवाजी पार्क में दो अक्टूबर को पूर्व निर्धारित विरोध प्रदर्शन आयोजित करेगा।

यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की 'एकतरफा कार्यप्रणाली' और मतदाता सूचियों के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (एसआईआर) के खिलाफ आयोजित किया जा रहा है, जिससे बड़े पैमाने पर मतदाता अपने मताधिकार से वंचित हो रहे हैं। श्री दीपके ने इस प्रदर्शन को गांधी जयंती से जोड़ते हुए नागरिकों से बड़ी संख्या में भाग लेने और लोकतंत्र को बचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

सीजेपी सोशल मीडिया से भी प्रदर्शन के लिए समर्थन जुटा रही है। 'एक्स' पर महात्मा गांधी की तस्वीर वाली पोस्ट में संगठन ने लोगों से गांधी जयंती पर मुंबई पहुंचने का आग्रह किया, ताकि इसे लोकतंत्र बचाने के अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जा सके। एक अन्य पोस्ट में सीजेपी ने सड़कों की मांग, मंत्री की कार्रवाई, न्यायालय की टिप्पणियों और सड़कों पर प्रदर्शनों के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज से जुड़ी शिकायतों का उल्लेख किया।

संगठन ने दावा किया कि सरकार का विरोध करने के लिए मतदान ही एकमात्र विकल्प बचा था, लेकिन इस अधिकार को भी कमजोर किया जा रहा है। उसने नागरिकों से लोकतंत्र के लिए बने इस खतरे का मुकाबला करने की अपील की।

मुंबई पुलिस ने हालांकि इस प्रस्तावित सभा की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। श्री दीपके ने इस फैसले को अमान्य बताते हुए इसकी आलोचना की और आरोप लगाया कि यह नागरिकों की आवाज दबाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि अगर अनुमति नहीं मिलती है, तो संगठन गांधी जयंती पर 'जेल भरो आंदोलन' चलायेगा।

मिली जानकारी के अनुसार, आयोजकों ने मैदान के इस्तेमाल के लिए आवश्यक बीएमसी की मंजूरी जमा न करने के कारण अनुमति नहीं दी है।

अधिकारियों ने संभावित ध्वनि प्रदूषण और यातायात जाम को लेकर भी चिंता जतायी। शिवाजी पार्क के 'साइलेंस ज़ोन' होने और आसपास के क्षेत्रों में अस्पतालों की मौजूदगी को भी इसके कारणों में शामिल किया गया है।

रिपोर्टों के मुताबिक, शिवाजी पार्क इलाके के निवासियों ने भी इस प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन पर आपत्ति जतायी है। उन्होंने स्थानीय लोगों को होने वाली असुविधा, मैदान का उपयोग करने वाले बच्चों पर पड़ने वाले प्रभाव और आपात स्थिति में एम्बुलेंस की आवाजाही में आने वाली दिक्कतों को लेकर चिंता जतायी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित