गोपालगंज , जुलाई 20 -- बिहार में गोपालगंज की अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. प्रेरणा सिंह ने सोमवार को सदर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न प्रशासनिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की साफ-सफाई, बायोमेट्रिक उपस्थिति, अभिलेख संधारण, आरटीपीएस सेवाओं, योजनाओं की प्रगति तथा अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जांच की गई।
प्रखंड कार्यालय के सहायक को लॉग बुक अद्यतन रखने के निर्देश दिये गये।प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति संतोषजनक पाई गई। अंचल कार्यालय में कैश बुक को अद्यतन करने के लिये अंचल नाजिर को आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही आरटीपीएस केंद्र में उपलब्ध जनसेवाओं एवं उनके संचालन का भी जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित ग्रामीण महिलाओं से संवाद किया गया। महिलाओं ने वृद्धावस्था पेंशन प्रारंभ कराने में आ रही कठिनाइयों से अवगत कराया। इस पर अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित लाभार्थियों का तत्काल सीएससी के माध्यम से आवेदन सुनिश्चित कर शीघ्र पेंशन स्वीकृति की कार्रवाई करने के लिये प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित