जालौन , जुलाई 17 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में शुक्रवार को जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में कानून व्यवस्था एवं अभियोजन की संयुक्त समीक्षा बैठक की। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण, प्रभावी अभियोजन, अवैध गतिविधियों पर अंकुश तथा विभागीय समन्वय की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंभीर आपराधिक मामलों की विवेचना समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी कर अभियोजन विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि दोषियों को शीघ्र सजा मिल सके।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने महिला अपराध, साइबर अपराध, गैंगस्टर एवं पॉक्सो मामलों की समीक्षा करते हुए सभी विवेचनाएं निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने, गवाहों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा न्यायालय में प्रभावी पैरवी करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर रेखा सचान एवं जिला खनन अधिकारी सन्नी कौशल के बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने दोनों अधिकारियों का वेतन रोकने तथा स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही परिवहन, पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम बनाकर ओवरलोड एवं बिना वैध दस्तावेज वाले वाहनों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, अभियोजन विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित