, Dec. 15 -- निर्दलीय मोहम्मद हनीफा ने कहा कि लद्दाख के लिए बहुत कम धन आवंटित किया जाता है। उन्होंने वहां के लिए बजट से हटकर भी धन आवंटन की मांग की।

कांग्रेस के श्रेयस एम पटेल ने यूरिया का आयात कम किये जाने पर जोर देने की मांग की। उन्होंने गरीबों को कम कीमत पर घरेलू गैस उपलब्ध कराने, गांवों के अस्पतालाें की हालत सुधारने और हासन क्षेत्र में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान स्थापित करने की मांग की।

निर्दलीय अब्दुल रशीद शेख ने सैलानियों के लिए कश्मीर में नये केन्द्रों को विकसित करने और उनके प्रचार-प्रसार की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने बारामूला में एम्स और हंदवाड़ा में मेडिकल कालेज स्थापित करने और सांसद निधि बढ़ाने की मांग की। इसी के साथ ही उन्होंने जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल किये जाने की भी मांग की।

निर्दलीय उमेशभाई बाबूभाई पटेल ने कहा कि दमन और दीव में सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज की व्यवस्था किया जाये। उन्होंने सांसद निधि के तहत कराये जाने वाले कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने की मांग की।

कांग्रेस के गोवाल कागडा पडवी ने कहा कि महाराष्ट्र को यूरिया का निर्धारित कोटा दिया जाये। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा पर ज्यादा धन खर्च किया जाये। उन्होंने राष्ट्रीय जनजाति विद्यालय जल्द स्थापित किये जाने की मांग की। उन्होंने सड़क और सिंचाई क्षेत्र को अधिक धन दिये जाने और इसकी परियोजनायें जल्दी बनाने की भी मांग की।

भारत आदिवासी पार्टी के राजकुमार रोत ने रासायनिक उर्वरकों के बढ़ते उपयोग से उपजाऊ भूमि पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव का जिक्र करते हुए कहा कि यूरिया का आयात कम करने के लिए आर्गेनिक खेती पर जोर दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि काले धन को लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बड़े-बड़े दावे किये थे, लेकिन कितना काला धन आया, इसका ब्योरा नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि वस्तु एवं सेवा कर की बढ़ी दरें (जीएसटी) लागू करने से छोटे व्यापारी बर्बाद हो गये। अब जीएसटी की दरें कम की गयी हैं, लेकिन उसका कोई उन्हें फायदा नहीं मिल पा रहा है। श्री राेत ने जीएसटी से एकत्र राजस्व का खर्च आदिवासी क्षेत्रों में बढ़ाने की मांग की।

रिवाेल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी के एन के प्रेमचन्द्रन ने वित्तीय नियमों का पालन कठोरता से किये जाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यूरिया का घरेलू उत्पादन बढ़ाया जाना चाहिए।

चर्चा में भाजपा के अरुण गोविल ने भी भाग लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित