पटना , सितंबर 29 -- ाज्य में अनीमिया (रक्त अल्पता) की दर को कम करने के उद्देश्य से बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित "अनीमिया मुक्त बिहार" विशेष अभियान के तहत राज्यभर में व्यापक स्तर पर स्क्रीनिंग एवं उपचार की कार्रवाई जारी है। विशेष अभियान के अंतर्गत 25 अगस्त से 28 सितंबर 2026 तक राज्य में कुल 94,71,377 लोगों की अनीमिया जांच की जा चुकी है।

उल्लेखनीय है कि इस अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा 25 अगस्त 2026 को किया गया था। अभियान के तहत अब तक की गई कुल स्क्रीनिंग में 5,632 लोग गंभीर अनीमिया, 3,34,171 लोग मध्यम अनीमिया तथा 14,22,767 लोग अल्प अनीमिया से ग्रसित पाए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिन्हित अनीमिया पीड़ित लाभार्थियों को आवश्यकता के अनुसार उपचार, पोषण संबंधी परामर्श, रेफरल एवं फॉलो-अप की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। यह विशेष अभियान 25 अगस्त से 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि अनीमिया मुक्त बिहार अभियान के माध्यम से राज्य के अधिक से अधिक लोगों तक स्क्रीनिंग, उपचार और पोषण संबंधी परामर्श की सुविधा पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। अनीमिया की समय पर पहचान होने से लाभार्थियों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना आसान होता है। विशेष रूप से बच्चों, किशोर-किशोरियों, महिलाओं तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य पर इसका सीधा प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि राज्य में अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है और स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्क्रीनिंग के साथ-साथ गंभीर एवं मध्यम अनीमिया से ग्रसित पाए गए लाभार्थियों के उपचार, रेफरल एवं फॉलो-अप पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित