देहरादून/कोटद्वार , अप्रैल 11 -- उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाले जनपद पौड़ी के कोटद्वार उपनगर में शनिवार को स्थानीय विधायक और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण तथा क्षेत्रीय सांसद होने के साथ ही, केंद्रीय मंत्रियों के प्रिय अनिल बलूनी की पहल से से डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीओपीएसके)की शुरुआत हो गई। राज्य में अपनी तरह के इस पहले पासपोर्ट केंद्र का लोकार्पण आज विदेश मंत्रालय एवं भारतीय डाक विभाग के संयुक्त तत्त्वावधान में केंद्रीय विदेश एवं वस्त्र राज्यमंत्री पबित्र मार्धेरिटा, सांसद श्री बलूनी, और श्रीमती ऋतु के साथ संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विदेश राज्यमंत्री श्री मार्धेरिटा ने कहा कि प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में विदेश मंत्रालय द्वारा नागरिकों को पासपोर्ट सम्बंधी सेवाएं अत्यन्त सुलभ रूप से उनके द्वार पर ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पीओपीएसके का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय द्वारा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार को निरन्तर प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए पिछले वर्ष ही पासपोर्ट सेवा प्रोग्राम वर्जन 2.0 को पूरे देश में लागू किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि आज देश में 450 से अधिक पीओपीएसके एवं 93 पीएसके नागरिकों को पासपोर्ट सम्बंधी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने सांसद श्री बलूनी का विशेष आभार व्यक्त किया जिनके अथक प्रयासों से इस कार्यालय को खोला गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित