मुंबई , मार्च 06 -- उद्योगपति अनिल अंबानी से जुड़ी कंपनी रिलायंस पावर ने शुक्रवार को मीडिया में आई उन खबरों का खंडन किया, जिनमें कहा गया था कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मुंबई और हैदराबाद में कंपनी से जुड़े परिसरों पर छापेमारी की है।
कंपनी ने शेयर बाजारों को दी गई नियामकीय सूचना में कहा, "मीडिया रिपोर्टों में यह आरोप लगाया गया है कि ईडी ने रिलायंस पावर लिमिटेड से जुड़े स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया है। इस संबंध में कंपनी स्पष्ट करना चाहती है कि उसकी जानकारी के अनुसार कंपनी के किसी भी कार्यालय या परिसर में ऐसी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।"शुक्रवार को जारी इस बयान पर कंपनी की सचिव रमनदीप कौर के हस्ताक्षर हैं। बयान कंपनी के मुंबई स्थित बैलार्ड एस्टेट कार्यालय के लेटरहेड पर जारी किया गया।
इससे पहले शुक्रवार को मीडिया में खबरें आई थीं कि ईडी ने एक चल रही जांच के तहत शहर में लगभग 12 स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू किया है। रिपोर्टों के अनुसार एजेंसी की करीब 15 विशेष टीमों ने कंपनी से जुड़े लोगों के कार्यालयों और आवासीय परिसरों की तलाशी ली। हालांकि ईडी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
हाल ही में ईडी ने रिलायंस कम्युनिकेशंस से जुड़े बैंक धोखाधड़ी मामले में मुंबई के पाली हिल, बांद्रा वेस्ट स्थित 'अबोड' नामक लक्जरी आवासीय संपत्ति को अस्थायी रूप से कुर्क किया था। इसकी अनुमानित कीमत 3,716.83 करोड़ बताई गई है। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) 2002 के प्रावधानों के तहत की गई थी।
इसके अलावा सीबीआई ने फरवरी में अनिल अंबानी के आवास और रिलायंस कम्युनिकेशंस के कार्यालयों पर भी तलाशी ली थी। यह कार्रवाई बैंक ऑफ बड़ौदा की शिकायत के आधार पर दर्ज एक मामले में की गई, जिसमें बैंक ने कंपनी को दिए गए ऋण से जुड़े मामले में 2,220 करोड़ से अधिक के नुकसान का आरोप लगाया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित