सोनीपत , जुलाई 14 -- हरियाणा के सोनीपत के गोहाना-रोहतक मार्ग पर बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब एक थार एसयूवी अनियंत्रित होकर नाले नंबर-8 में जा गिरी। नाले में पानी का स्तर कम होने के कारण वाहन पूरी तरह नहीं डूबा और चालक की जान बच गयी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गढ़ी सराय नामदार खान गांव निवासी दीपक आज सुबह गोहाना से रोहतक की ओर अपनी थार से जा रहा था। नाले नंबर-8 के पास पुलिस का चेक प्वाइंट लगा हुआ था। इसी दौरान वाहन मोड़ते समय चालक का संतुलन बिगड़ गया और थार सीधे नाले में जा गिरी।

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार दीपक को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत स्थिर है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से वाहन को नाले से बाहर निकलवाया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार दीपक किसी जरूरी निजी कार्य से घर से निकला था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित