मैनपुरी 28नवंबर(वार्ता)उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के कुरावली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि बाइक सवार दो अन्य युवक घायल हो गए। बाइक सवार कुरावली कस्बे से मैनपुरी आ रहे थे।

पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के गल्ला मंडी निवासी 22 वर्षीय अमन यादव पुत्र रामवीर यादव अपने साथी अमान पुत्र शमी अख्तर, निवासी मोहल्ला पठान, और देवांशू पुत्र चरण सिंह, निवासी ग्राम निजामपुर, के साथ बाइक पर सवार होकर कुरावली से मैनपुरी जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कुरावली- मैनपुरी मार्ग स्थित गांव महादेवा की मोड़ के समीप पहुंची उसी समय बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इस सड़क हादसे में तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की जानकारी होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने देवांशू को मृत घोषित कर दिया। अमन और अमान की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया है।

पुलिस ने शुक्रवार को मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्मार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार पल्सर बाइक सवार तेज रफ्तार से मैनपुरी की तरफ जा रहे थे। गांव की मोड़ पर अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और फिसल कर झाड़ियों में गिर गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित