अमरोहा , जुलाई 19 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा में रविवार को एक अनियंत्रित ट्रैक्टर के अचानक भीड़ में जा घुसने एवं उसकी चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई एवं महिला बुरी तरह झुलस गई।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि बेकाबू ट्रैक्टर ने सड़क किनारे लगे एक जलेबी के ठेले को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ठेला पलट गया और कड़ाही में मौजूद खौलता हुआ तेल पास खड़ी एक महिला पर गिर गया जिससे वह झुलस गयी जबकि कई लोग घायल हो गए हैं।

वारदात के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया, जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना अचानक और भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। ट्रैक्टर की टक्कर से जलेबी के ठेले के पास खड़ी मीना गर्म तेल गिरने से गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं हादसे का शिकार हुआ अंकित (20) ट्रैक्टर की सीधी चपेट में आ गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा एवं ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित