बैतूल , अक्टूबर 18 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाली करीब 16 वर्षीय अनाथ किशोरी का कोई परिजन सामने नहीं आने पर बाल कल्याण समिति और महिला एवं बाल विकास विभाग ने रविवार को उसका अंतिम संस्कार कराया। किशोरी की धार्मिक मान्यताओं का सम्मान करते हुए ईसाई रीति-रिवाज से उसे अंतिम विदाई दी गई।
किशोरी ग्राम भारती महिला मंडल द्वारा संचालित बैतूल के बालिका गृह में छिंदवाड़ा बाल कल्याण समिति के आदेश पर रह रही थी। इससे पहले वह इटारसी के बालिका गृह में थी। उसके परिजनों के छिंदवाड़ा जिले के चांदामेंटा क्षेत्र में रहने की जानकारी मिली थी, लेकिन तलाश के बावजूद परिवार का पता नहीं चल सका।
जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते किशोरी बालिका गृह की अधीक्षिका के साथ जिला अस्पताल गई थी। लौटते समय रानीपुर रोड पर एक मोटरसाइकिल ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल मोटरसाइकिल जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अभिषेक जैन और महिला एवं बाल विकास विभाग ने अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी निभाई। जैन ने कहा कि प्रत्येक बच्चे की धार्मिक मान्यताओं का सम्मान किया जाना चाहिए और अंतिम विदाई भी उसी के धर्म के अनुसार होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जाति और पंथ अलग हो सकते हैं, लेकिन मानवता और संवेदना का भाव एक ही है। अंतिम संस्कार के दौरान स्थानीय प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी और बालिका गृह का स्टाफ मौजूद रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित