नयी दिल्ली , फरवरी 07 -- वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को कहा कि भारत और अमेरिका के बीच हुए अंतरिम व्यापार समझौते में घरेलू उत्पादकों के हितों की रक्षा की दृष्टि से कृषि क्षेत्र की महत्वपूर्ण उपजों और डेयरी उत्पादों को पूरी तरह बाहर रखा गया है।

उन्होंने शनिवार को घोषित इस समझौते का ब्योरा देने के लिए आयोजित विशेष संवाददाता सम्मेलन में कहा, "जिनमें हम आत्मनिर्भर हैं उन्हें समझौते से बाहर रखा गया है। जीएम (अनुवांशिक रूप से संशोधित) फसलें नहीं आयेंगी। मीट, पोल्ट्री, सोयामील, मक्का, चावल , गेहूं , चीनी, मिलेट् आदि पर (अमेरिका को) भारतीय बाजार में कोई रियायत नहीं दी गयी है।"उन्होंने कहा कि इस समझौते ने ऐसी सब आशंकाओं को निर्मूल साबित कर दिया है जिनमें कहा जा रहा था कि इस समझौते के कारण भारतीय खेती और किसानों को भारी नुकसान हो सकता है।

वाणिज्य मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर जारी एक स्पष्टीकरण में बताया कि इस समझौते में भारतीय किसानों को पूरा संरक्षण मिला है और भारत में गेहूं, मक्का, चावल, जौ, ज्वार, छिलका रहित अनाज, रागी, रामदाना, बाजरा, कांगनी, ओट्स, मैदा, स्यामक, कोपरा, आटा नहीं आ सकते।

मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि डेयरी उत्पादों को भारत में प्रवेश की अनुमति नहीं है। इनमें दूध (तरल, पाउडर, कंडेस्ड), क्रीम, योगहर्ट, छाछ, मक्खन, घी, चीज (मोजरेला, आदि), बटर ऑयल, पनीर एवं अन्य उत्पाद, व्हे उत्पाद आदि चीजें शामिल हैं।

एक अन्य स्लाइड में बताया गया है शीतित सब्जियां (फ्रोजन वेजेटेबिल) जैसे आलू, मटर, बींस, अन्य दलहनी सब्जियां (छिली हुयी या बिना छिली), मिक्स्ड फ्रोजेन सब्जियां, मिश्रित डिब्बाबंद सब्जियां, अस्थाई रूप से संरक्षित सब्जियां जैसे खीरा, मशरूम भी इस सूची से बाहर रखे गए हैं।

मंत्रालय के अनुसार मसालों के लेकर भी किसानों के हितों पर कोई समझौता नहीं हुआ है। काली मिर्च, लौंग, सूखी हरी मिर्च, दालचीनी (छाल और फूल आदि),धनिया, जीरा, हींग, अदरक, हल्दी, अजवाइन, मेथी, चक्रमर्द, केसिया,सरसों, राई, भूसी और अन्य पाउडर मसाले भी समझौते के दायरे में नहीं आते हैं।

वाणिज्य मंत्री ने कहा है कि भारत अमेरिका के औद्योगिक सामानों और अमेरिका के खाद्य एवं कृषि उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला पर शुल्क को समाप्त या कम करेगा। इनमें इसमें सूखे डिस्टिलर्स ग्रेन्स (डीडीजी), पशु आहार के लिए लाल ज्वार, मेवे, ताजे और प्रसंस्कृत फल, सोयाबीन तेल, शराब और स्पिरिट तथा अन्य उत्पाद शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित